अवैध रूप से भारत में रह रही दो बांग्लादेशी महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया कि इनमें से एक महिला ने भारत आने के बाद अपना नाम बदलकर हिंदू महिला भूमि शर्मा के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए थे। यही नहीं, देहरादून में रहने के लिए उसने स्थानीय हिंदू युवक से विवाह भी कर लिया था।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ फर्जी पहचान बनवाने और देश में अवैध रूप से रहने के आरोप में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। उसके लिए नकली दस्तावेज तैयार कराने में जिन लोगों ने मदद की, उनकी तलाश भी पुलिस कर रही है।
दूसरी पकड़ी गई महिला वर्ष 2023 में अवैध तरीके से सीमा पार कर भारत आई थी। वह यहां मजदूरी का काम कर रही थी। सरकारी नियमों के अनुसार उसे जल्द ही बांग्लादेश वापस भेजा जाएगा।
इसी अभियान ऑपरेशन कालनेमि के तहत जिले में अब तक अवैध रूप से रह रहे 17 बांग्लादेशी नागरिकों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें से 8 नागरिकों को फर्जी कागजात बनाकर रहने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।